प्राथमिक विद्यालय मुंडेरा खुर्द में 20 दिन के अंदर दूसरी बार चोरी
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। मुंडेरा खुर्द प्राथमिक विद्यालय में रविवार की रात चोर मध्याह्न भोजन के कमरे का दरवाजा तोड़ उसमें रखा 16 बोरी गेहूं-चावल चुरा ले गए। एक बॉक्स का ताला तोड़कर उसमें रखें अभिलेख को इधर-उधर बिखेर दिया। प्रधानाध्यापक का कहना है कि 20 दिन के अंदर दूसरी बार और एक साल के अंदर तीसरी बार विद्यालय में चोरी हुई है। प्रधानाध्यापक ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
प्रधानाध्यापक उज्ज्वल नारायण राय का कहना है कि 20 दिन पहले भी चोरी हुई तो चोर अनाज ही उठा ले गए थे। इधर, तीन दिन लगातार छुट्टी के बाद सोमवार को विद्यालय पहुंचने पर देखा गया कि अनाज के कमरे में लगे ताले को चोर तोड़ने के लिए भरपूर कोशिश की। जब उन्हें सफलता नहीं मिली तो दरवाजा ही तोड़ कर उसमें रखा 16 बोरी अनाज उठा ले गए। इसमें 10 बोरी गेहूं और छह बोरी चावल था। प्रधानाध्यापक का कहना है कि सूचना देने पर मौके पर प्रधान शंभूनाथ यादव भी पहुंचे थे। इंस्पेक्टर कल्याण सिंह सागर ने बताया कि तहरीर मिली है। मौके पर पुलिस गई थी। जांच कर चोरों की धरपकड़ की जाएगी।