रुद्रपुर में चोरों ने नकदी और जेवर उड़ाए
रुद्रपुर। मस्जिद वार्ड स्थित रानी के बाग में सोमवार रात सुनसान मकान में घुसकर चोरों ने कई सामान उड़ा दिया। बाक्स और आलमारी का ताला तोड़कर आभूषण और नकदी चुरा ली। मकान मालिक अपने परिवार के सदस्यों के साथ शादी में शामिल होने गांव गए थे।
मंगलवार को मकान मालिक के आने पर मुख्य दरवाजे पर ताला जस का तस बंद था। ताला खोलकर घर में घुसते ही कमरों के ताले टूटे दिखे। मकान मालिक े होश उड़ गए। मकान मालिक के अनुसार, चोर ने करीब तीन लाख रुपये के सामान और नकदी चुराई है।
सिलहटा गांव के पारस नाथ यादव रानी के बाग में मकान बनवा कर रहते हैं। उनके गांव में भाई की लड़की की शादी थी। इधर कई दिनों से परिवार के सदस्य गांव में थे। मंगलवार को दिन में दो बजे वह रुद्रपुर स्थित मकान पर कुछ सामान निकालने आए। दरवाजे का ताला खोलकर अंदर गए तो हर कमरे का ताला टूटा था।
सामान कमरे के अंदर बिखरा पड़ा था। उन्होंने कहा कि चोरों ने करीब तीन लाख का आभूषण, नकदी और सामान उड़ा लिया है। उन्होंने पुलिस को तहरीर दी है। इस बाबत कोतवाल विजय सिंह ने कहा कि चोरी की घटना की जांच की जा रही है। जल्द ही मामले का पर्दाफाश हो जाएगा।