संवाद न्यूज एजेंसी
बस्ती। शहर के करीब आधे हिस्से में पांच फरवरी को 12 घंटे लगातार बिजली गुल रहेगी। बिजली निगम ने समय रहते गांधीनगर उपकेंद्र से जुड़े मोहल्लों के नागरिकों अलर्ट कर दिया है।
अधिशासी अभियंता मनोज कुमार ने बताया कि विद्युत उपकेंद्र गांधीनगर से पोषित समस्त 11 केवी फीडर की विद्युत आपूर्ति पांच फरवरी की सुबह आठ से शाम आठ बजे तक बाधित रहेगी। क्योंकि संबंधित उपकेंद्र पर 11 केवी इनकमिंग एवं आउटगोइंग वीसीबी पैनल बदलने का कार्य कराया जाएगा।
ऐसे में इस उपकेंद्र से जुड़े पक्के, कंपनीबाग, कचहरी चौराहा, जनता होटल, एसबीआई के पास, आवास विकास कॉलोनी, कचहरी, मिश्रौलिया, बैरियहवां, पुराना डाकखाना आदि मोहल्लों में 12 घंटे तक आपूर्ति बाधित रहेगी।
उपकेंद्र के अपग्रेड होने का कार्य समाप्त होने के बाद आपूर्ति बहाल हो जाएगी। ऐसे में उपभोक्ताओं को पानी आदि का इंतजाम आपूर्ति बाधित होने से एक दिन पहले ही कर लेना होगा।
वहीं इस क्षेत्र में लगाए गए विद्युत संचालित छोटे बड़े कारखाने एवं अन्य कारोबार भी इस दिन ठप रहेंगे। ऐसे प्रतिष्ठानों को चालू रखने के लिए जनरेटर आदि की व्यवस्था करनी होगी। शॉपिंग मॉल, दुकान, बैंक एवं कई सरकारी कार्यालय भी विद्युत आपूर्ति की समस्या से प्रभावित होंगे।