बरियारपुर। थाना क्षेत्र में चोरी की लगातार हो रही घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत है। बीते 15 दिन में चोरों ने पांच घरों और वाहनों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के जेवरात, नकदी व अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिए। इससे पुलिस की रात्रि गश्त पर भी सवाल उठ रहे हैं।
करीब दो सप्ताह पहले बरियारपुर के वार्ड नंबर सात रघुनाथपुर में एक ही रात दो घरों में चोरी हुई थी। इसके बाद बृहस्पतिवार की रात चकरवा धूस पंसरही के विशुनपुर खुर्द में दो घरों में चोरी की वारदात हुई। शुक्रवार की रात महुई गांव में ऋषिकेश यादव के घर के बाहर टिन शेड में खड़ी बुलेट मोटरसाइकिल चोरी कर ली गई।
लगातार घटनाओं से ग्रामीण रात में घरों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। उन्होंने पुलिस गश्त बढ़ाने और घटनाओं का जल्द पर्दाफाश करने की मांग की है। सीओ सलेमपुर गौरव कुमार ने बताया कि जल्द ही चोरी की घटनाओं का पर्दाफाश कर दिया जाएगा। संवाद