देवरिया। सदर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बैतालपुर ब्लॉक के विक्रमपुर बांसपार में स्थित एक प्राथमिक विद्यालय का शनिवार की रात ताला तोड़कर चोर सामान उड़ा ले गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विद्यालय के हेड मास्टर संजय मिश्रा ने पुलिस को दी शिकायती पत्र में बताया कि शनिवार की सुबह विद्यालय पहुंचा तो मुख्य ताला टूटा हुआ मिला। रसोई से गैस सिलिंडर, बर्तन तथा लोहे की पाइप सहित अन्य जरूरी सामान गायब थे। चोरी से विद्यालय की शैक्षणिक एवं मध्याह्न भोजन व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
घटना की सूचना तत्काल देवरिया कोतवाली को दी गई। हेड मास्टर संजय मिश्रा ने कोतवाल से मुलाकात कर जल्द चोरी का पर्दाफाश करने की मांग की। उन्होंने कहा कि विद्यालय जैसे संवेदनशील स्थान पर चोरी की घटना बेहद गंभीर है और इससे शिक्षकों व अभिभावकों में असुरक्षा की भावना बढ़ी है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है तथा आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। वहीं स्थानीय लोगों ने भी रात्रि गश्त बढ़ाने और चोरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। संवाद