रामपुर कारखाना। पुलिस पिकेट पॉइंट से 100 मीटर दूर एक सुनसान घर को चोरों ने खंगाल लिया। सीढ़ी के रास्ते घर में घुसे चोरों ने चार कमरों का ताला तोड़कर मोटर समेत कीमती सामान चुरा लिया। मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने घटना की जानकारी ली।
स्थानीय थाना क्षेत्र के बरईपुर लाला गांव निवासी संजीव प्रसाद ने देवरिया-कसया मार्ग स्थित पटनवा पुल और बरईपुर मोड़ के बीच मकान बना रखा है। संजीव परिजनों के साथ अपने पैतृक मकान में रहते हैं। इस मकान में ताला बंद रहता है। चोर सुनसान मकान की छत के रास्ते से रविवार की रात अंदर घुसकर चार कमरों के दरवाजे का ताला तोड़कर मोटर सहित लगभग 20 हजार रुपये का सामान चुरा ले गए। पीड़ित संजीव प्रसाद ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। थाना अध्यक्ष नंद प्रसाद ने बताया कि मामला संज्ञान में है। छानबीन के लिए पुलिस कर्मियों को भेजा गया था। संवाद