खुखुंदू थाना क्षेत्र के रुपई गांव का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के रुपई गांव में एक पक्ष ने रिश्तेदारों को बुलाकर दूसरे पक्ष के दरवाजे पर चढ़कर हमला कर दिया। चार महिलाओं समेत छह लोग घायल हो गए। एक युवती गंभीर है। दूसरे पक्ष ने भी मारपीट करने का आरोप लगाया है।
खुखुंदू थाना क्षेत्र के रुपई गांव निवासी शंकर प्रसाद की बेटी बिंदु देवी को ससुराल से बुलाने जाना था। भाई मनोज कुमार ने पड़ोस के एक युवक साथ ले चलने की बात कही। घर जाने के बाद वह कहीं चला गया। मनोज अकेले बहन को बुलाने चला गया। बहन को लेकर शाम को जब वह घर लौटा तो मनोज की दूसरी बहन सिंधु परिवार में चर्चा करने लगी कि पड़ोसी कहकर बुलाने नहीं गया, वह कहीं भाग गया। इसे पड़ोसी के घरवाले सुन लिए।
आरोप है कि भलुअनी थाना क्षेत्र से रिश्तेदारों को बुलाकर रात में दरवाजे पर चढ़कर शंकर प्रसाद पर हमला कर दिया। शोर मचाने पर जब बाहर पत्नी रुखी देवी, बेटा मनोज कुमार, बेटी बिंदु देवी, सिंधु कुमारी और बहू चंदन देवी बीच-बचाव करने निकलीं तो हमलावरों ने सबकी पिटाई कर दी। इससे सिंधु कुमारी के सिर और सीने पर गंभीर चोटें आई हैं। रुखी देवी ने तहरीर दी है।
इंस्पेक्टर दिलीप सिंह ने बताया कि तहरीर मिली है। चोटिलों को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। जांच कर केस दर्ज किया जाएगा। दूसरे पक्ष से भी तहरीर पड़ी है। सीओ सलेमपुर दीपक शुक्ला ने बताया कि मारपीट हुई है तो पुलिस कार्रवाई करेगी।