मईल। भागलपुर ब्लाॅक के कहांव से लेकर अंडिला तक की सड़क प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत बनाई जाएगी। सड़क की लंबाई 8.2 किमी है। इस सड़क का चौड़ीकरण भी किया जाएगा।
क्षेत्र के लोगों ने इस सड़क के निर्माण की मांग की थी, जिसको संज्ञान में लेते हुए बांसगांव के सांसद व केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान के प्रयास से यह संभव हो रहा है। कहांव से अंडिला जाने वाली 8.200 किलोमीटर लंबी सड़क 813.85 लाख की लागत से बनेगी। सड़क बनने से छह से अधिक गांव के लोगों को बरहज व सलेमपुर तहसील जाने की राह आसान हो जाएगी। वहीं दूरी घटेगी व समय की भी बचत होगी।
सड़क बदहाल होने से गहिला, अकुबा व डेहरी के लोगों को दिक्कत होती थी। सड़क बनने के बाद सतरांव, कटियारी भागलपुर ब्लॉक के पिपरा बेनी, पिपरा भूली, सुकरौली बकुची आदि गांवों की राह आसान होगी।
प्रमुख प्रतिनिधि संदीप सिंह, प्रधान डेहरी प्रदीप सिंह, अंडिला प्रधान विनीत उपाध्याय, अकुबा प्रधान संध्या देवी व गहिला के प्रधान संतोष खरवार ने केंद्रीय मंत्री कमलेश पासवान को बधाई दी है। अवर अभियंता चंद्रपाल गुप्ता ने बताया कि सड़क के लिए धन मिल गया। जल्द कार्य शुरू किया जाएगा।