बरहज/भलुअनी। सोनूघाट-बरहज मार्ग के फोरलेन बनाये जाने का रास्ता साफ हो गया है। बुधवार को पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने जगह-जगह सड़क की खुदाई कर तकनीकी जांच शुरू कर दिया है। मुख्यमंत्री कार्यालय ने विभाग से एक सप्ताह में विस्तृत प्रस्ताव मांगा है। जिससे सड़क के चौड़ीकरण की कवायद तेज हो गई है। जिसको लेकर लोगों में हर्ष है।
बरहज-सोनूघाट 21.75 किलोमीटर मार्ग पूरी तरह गड्ढों में तब्दील हो गया है। इस मार्ग पर वाहनों के बढ़ते दबाव और आये दिन हो रही दुर्घटनाओं को देखते हुए लंबे समय से लोग सड़क के चौड़ीकरण की मांग कर रहे थे। जिसे देखते हुए मुख्यमंत्री कार्यालय ने पीडब्ल्यूडी विभाग से सड़क को फोरलेन बनाये जाने के लिए प्रस्ताव तलब किया है।
विभागीय लोगों के अनुसार फोरलेन बनाये जाने के लिए सड़क की स्थिति, चौड़ाई, मिट्टी की परत, पुरानी संरचना और आवश्यक भूमि की उपलब्धता की जांच किया गया है। बताया जा रहा है कि शासन से मंजूरी मिलने पर दो से तीन माह में सड़क चौड़ीकरण कार्य शुरु कराया जा सकता है। सड़क के फोरलेन बनने और रामजानकी मार्ग से जुड़ने से आजमगढ़, जौनपुर, वाराणसी, बिहार आदि जगहों के लिए राह आसान हो जायेगी।
लोगों का यह भी कहना है कि गाड़ियों की रफ्तार बढ़ने के साथ सड़क से सटे गांवों के विकास की रफ्तार तेज हो जायेगी।