सलेमपुर। अंग्रेजों के शासनकाल में बनाए गए सलेमपुर तहसील के भवन के जीर्णोद्धार की प्रक्रिया तेज हो गई है। शासन ने जिला प्रशासन से आख्या उपलब्ध कराने को कहा था, ताकि नए भवन के निर्माण के साथ-साथ तहसील परिसर में आधुनिक सुविधाओं को विकसित किया जा सके। इसके क्रम में तहसील प्रशासन ने जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को पत्र भेज दिया है। इसके लिए राज्य मंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने शासन में पहल शुरू कर दी है।
सलेमपुर तहसील की स्थापना वर्ष 1939 में अंग्रेजी शासन के दौरान हुई थी। समय के साथ बढ़ते कार्यभार और सुविधा विस्तार के अभाव में इस भवन की हालत काफी खराब हो गई है। इस तहसील क्षेत्र में 539 गांव आते हैं। इस 9 लाख आबादी वाले क्षेत्र में कुल पांच लाख वोटर हैं। इसको देखते हुए राज्यमंत्री विजय लक्ष्मी गौतम ने शासन को पत्र लिखकर जर्जर भवन की जगह नए भवन और अन्य सुविधाओं की मांग की थी। इसकाे संज्ञान में लेते हुए शासन ने जिलाधिकारी को पत्र देकर राज्यमंत्री की मांग पर रिपोर्ट देने को कहा था। इसमें जिलाधिकारी कार्यालय से मिले पत्र के बाद तहसील प्रशासन ने शासन को पत्र भेजकर राज्यमंत्री की मांग को जरूरी बताया है। रिकॉर्ड रूम व नागरिक सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित करने में लगातार कठिनाइयां सामने आ रही हैं। अधिकारियों ने बताया कि भवन का ढांचा वर्षों पुराना है।