देवरिया। निर्वाचन आयोग की तरफ से मतदाता बनने की अर्हता तिथि एक जनवरी 2026 कर दी गई है। इसके आधार पर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के वोटर लिस्ट के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) की तिथियां निर्धारित की गई हैं। इसके अनुसार 31 दिसंबर को मतदाता सूचियों का आलेख्य प्रकाशन होगा।
डीएम दिव्या मित्तल ने बताया कि बीएलओ द्वारा घर-घर जाकर गणना प्रपत्र उपलब्ध कराना, उनका एकत्रीकरण एवं डिजिटाइजेशन तथा मतदेय स्थलों का संभावित विभाजन/पुनर्व्यवस्था का कार्य 26 दिसंबर तक होगा। 27 से 30 दिसंबर तक कंट्रोल टेबल को अपडेट किया जाएगा। साथ ही आलेख्य नामावली की तैयारी की जाएगी। 31 दिसंबर को वोटर लिस्ट का आलेख्य प्रकाशन किया जाएगा।
इस प्रकाशित वोटर लिस्ट पर दावे और आपत्तियां 31 दिसंबर 2025 से 30 जनवरी 2026 तक ली जाएंगी। इसके बाद नोटिस जारी किए जाने, सुनवाई एवं सत्यापन और दावे एवं आपत्तियों के निस्तारण एवं गणना प्रपत्रों पर निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण द्वारा निर्णय किए जाने की कार्रवाई 31 जनवरी 2026 से 21 फरवरी 2026 तक रहेगी। मतदाता सूचियों के निर्धारित मापदंडों की जांच एवं अंतिम प्रकाशन के लिए आयोग से अनुमति प्राप्त करने की तिथि 25 फरवरी 2026 निर्धारित है। इसके बाद वोटर लिस्ट का अंतिम प्रकाशन 28 फरवरी 2026 को किया जाएगा।
इस आदेश के बाद जिला निर्वाचन कार्यालय ने अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति का नाम वर्ष 2025 की मतदाता सूची में नहीं है, तो वे ऑनलाइन फार्म-6 अनुलग्नक-4 के साथ भरकर अपने संबंधित बूथ के बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) के पास जमा कर दें अथवा ऑनलाइन फॉर्म भी भर सकते हैं।