रुद्रपुर। सीएचसी के सरकारी आवास में मृत मिली गुड़िया के पांच महीने की गर्भवती होने की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुई है। गुड़िया की मौत के साथ उसके गर्भस्थ शिशु की भी जान चली गई। मायके पक्ष के लोगों के शामिल नहीं होने पर आरोपी पति चमन लाल ने मुखाग्नि दी।
रविवार को पोस्टमार्टम के बाद भभौली स्थित श्मशान घाट पर उसका अंतिम संस्कार किया गया। एकौना थाना क्षेत्र के करहकोल गांव की रहने वाली गुड़िया की शादी करीब पांच साल पहले गोरखपुर जिले के सहजनवां थाना क्षेत्र के चांदबारी गांव निवासी चमन लाल से हुई थी। चमन लाल सीएचसी में कार्यरत स्टाफ नर्स बहन पूर्णिमा विश्वकर्मा के सरकारी आवास में रहता था।
इसी आवास में गुड़िया भी रहती थी। रविवार की रात उसकी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी।
पुलिस के अनुसार, गुड़िया के गले पर कसाव के निशान और सिर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। उसकी तीन साल की एक बेटी भी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में उसके गर्भवती होने की पुष्टि हुई है।
गुड़िया की मां लालती देवी की तहरीर पर पुलिस ने स्टाफ नर्स ननद पूर्णिमा विश्वकर्मा, पति चमन लाल, जेठ अभिमन्यु, जेठानी वनदेवी और सास उर्मिला विश्वकर्मा पर दहेज हत्या और उत्पीड़न के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की है।