देवरिया। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में व्यवस्था बदल रही है। इमरजेंसी के ट्रामा सेंटर में शिफ्ट होने के बाद अब पीडियाट्रिक इंसेंटिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) को भी शिफ्ट किया जाएगा।
सोमवार से पीआईसीयू नए ट्रामा सेंटर भवन में संचालित होने की उम्मीद है। इसका सीधा लाभ मरीजों को मिलेगा। नए पीआईसीयू में जगह अधिक होने के चलते बेडों के बीच की दूरी अधिक होगी। इससे संक्रमण की संभावना नहीं रहेगी।
पुराने जिला अस्पताल के भवन में संचालित पीआईसीयू में 15 बेड हैं। इसे दो वार्डों एक और दो नंबर में संचालित किया जाता है।
मेडिकल काॅलेज का पुराना भवन ध्वस्तीकरण की प्रक्रिया में है। इसके चलते पीआईसीयू को ट्रामा सेंटर के प्रथम तल पर शिफ्ट किया जाएगा। शनिवार को पांच बेड नए पीआईसीयू में लगा दिए गए। रविवार को छुट्टी के चलते शिफ्टिंग का कार्य नहीं हुआ।
सोमवार को बाकी का शिफ्टिंग का कार्य किया जाएगा। नर्सिंग स्टॉफ को मरीजों की देखभाल करने में आसानी होगी।
बाल रोग विभागाध्यक्ष डॉ. इकबाल ने बताया कि पीआईसीयू को ट्रामा सेंटर में शिफ्ट करने की प्रक्रिया चल रही है। मॉनीटर आदि लगा दिए गए हैं। कुछ बेड भी लगाए गए हैं। उम्मीद है कि सोमवार या मंगलवार से ट्रामा सेंटर में नया पीआईसीयू शुरू हो जाएगा।
नए ट्रामा सेंटर भवन में पीआईसीयू में नए मॉनिटर लगाए गए हैं। फंक्शनल बेड भी होंगे। इसमें बेड की संख्या पुराने पीआईसीयू से कुछ अधिक रखी जाएगी। पीआईसीयू के शिफ्ट होने से गंभीर बच्चों को आधुनिक संसाधनों के साथ बेहतर वेंटिलेटर, मॉनिटरिंग और बेड की सुविधाएं मिल सकेंगी। नया भवन पूरी तरह वातानुकूलित है।
यहां तीमारदारों की सुविधा का भी ध्यान रखा गया है। इससे उन्हें भी आराम से बच्चों की देखभाल करने के लिए वार्ड के बाहर जगह मिल जाएगी।