देवरिया। जिले में खाद और बीज की किल्लत को दूर करने के लिए मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) प्रत्यूष पांडे की अध्यक्षता में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में कृषि विभाग सहित सहकारिता, विपणन तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बैठक में खाद आपूर्ति और वितरण में आ रही बाधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उप निदेशक कृषि सुभाष मौर्य ने बताया कि बैठक में बताया गया कि कई साधन सहकारी समितियों को समय से खाद और बीज उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर सीडीओ ने संबंधित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए कि खाद की आपूर्ति और वितरण की रोजाना निगरानी की जाए। उन्होंने कहा कि हर समिति को प्रतिदिन कितनी खाद भेजी गई और उसका कितना वितरण हुआ, इसका पूरा विवरण प्रतिदिन उपलब्ध कराया जाए।
सीडीओ ने पैक्स (प्राइमरी एग्रीकल्चरल क्रेडिट सोसाइटी) ऑपरेटिव सोसाइटीज को निर्देश दिया कि किसानों की जरूरतों के अनुसार खाद का स्टॉक बनाए रखें और वितरण में पारदर्शिता बरतें। उपनिदेशक कृषि को यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए कि जिले की प्रत्येक समिति को निर्धारित मात्रा में नियमित रूप से खाद उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या कालाबाजारी पाई गई तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। बैठक में अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया गया कि किसान हित में समन्वय बनाकर समय पर खाद और बीज उपलब्ध कराया जाए, ताकि रबी सीजन की बुवाई में किसी प्रकार की बाधा न हो।