देवरिया। चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान तथा स्वावलंबन को मजबूत करने के उद्देश्य से जनपद में मिशन शक्ति फेज-5.0 के दूसरे चरण का भव्य शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर देवरिया पुलिस की ओर से महिला सशक्तिकरण के संदेश के साथ शुक्रवार को स्कूटी और बाइक रैली निकाली गई।
पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन के निर्देशन में आयोजित इस कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी आनंद कुमार पांडेय के नेतृत्व में महिला जागरूकता अभियान को आगे बढ़ाया गया। इसी क्रम में क्षेत्राधिकारी नगर संजय कुमार रेड्डी और क्षेत्राधिकारी आरटीसी दीपशिखा वर्मा ने महिला उपनिरीक्षकों और रिक्रूट महिला आरक्षियों की रैली को पुलिस लाइन देवरिया से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
रैली में महिला पुलिसकर्मियों के साथ पीआरवी वाहन और शक्ति मोबाइल भी शामिल रहे। यह जनजागरूकता रैली रिजर्व पुलिस लाइन देवरिया से शुरू होकर रुद्रपुर मोड़, रोडवेज बस अड्डा, सुभाष चौक, कसया ओवरब्रिज, बालाजी मंदिर तिराहा, देवरही मंदिर, सोमनाथ मंदिर बाइपास और पूर्वा तिराहा समेत शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए पुनः पुलिस लाइन पहुंचकर संपन्न हुई। रैली में बड़ी संख्या में शामिल महिला उपनिरीक्षकों और रिक्रूट महिला आरक्षियों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।