गोरखपुर, महाराजगंज के बदमाशों के साथ मिल कर की थी लूट की कोशिश
देवरिया। शहर में बरहज गली में सोमवार को कैशवैन लूट की कोशिश करने वाला घायल बदमाश शिवम सिंह से एसओजी ने कई राज उगलवाए हैं। बदमाश ने गोरखपुर, महराजगंज के रहने वाले गिरोह के सदस्यों के साथ मिलकर लूट की कोशिश की थी। लूट में शामिल अन्य बदमाशों के ठिकानों पुलिस ने दबिश दी है, पर वे अब तक पकड़ में नहीं आ सके हैं।
मदनपुर थाना क्षेत्र के भदिला दोयम गांव निवासी शिवम सिंह ने कैशवैन कर्मचारियों से रुपये लूटने का प्लान बनाया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, शिवम सिंह ने एसओजी की पूछताछ में बताया है कि महाराजगंज के पनियरा थाना क्षेत्र निवासी दीपक पांडेय, गोरखपुर के कैंपियरगंज क्षेत्र के पुरुषोतम जायसवाल और एक अन्य बदमाश के साथ मिलकर लूट की घटना को अंजाम देने के इरादे से सोमवार को देवरिया पहुंचे थे। सभी बदमाश घटना के पहले सीसी रोड पर जुटे।
उसके बाद बरहज गली पहुंच गए, जहां पर लूट करने के लिए कर्मचारी प्रभुनाथ पांडेय को गोली मार दी। उसके बाद होमगार्ड योगेंद्र ने शिवम के पैर में गोली मार दी। फिर शिवम मौके पर ही पकड़ लिया गया। अन्य बदमाश फरार हो गए। साथी बदमाशों के बारे में घायल शिवम सिंह ने अहम सुराग दिए हैं, जिससे पुलिस अन्य घटनाओं का भी पर्दाफाश कर सकती है।
मदनपुर थाना क्षेत्र के भदिला दोयम गांव निवासी शिवम सिंह पर महाराजगंज के गोनाह गांव के प्रधान के पति तेज प्रताप की 2018 में बीस हजार रुपये की लालच में हत्या करने के आरोप में केस दर्ज हुआ। इस मामले का पर्दाफाश हुआ तो पता चला कि लकड़ी कारोबारी सोनू सिंह ने उसे सुपारी दी थी। शिवम ने जनपद निवासी बदमाश आकाश वर्मा उर्फ बंटी और अन्य साथियों के साथ घटना को अंजाम दिया था। जेल में बंद होने के बाद उसकी मुलाकात पनियरा थाना क्षेत्र निवासी दीपक पांडेय से हुई थी। जेल में ही कई शातिरों से उसकी अच्छी दोस्ती हो गई। गोरखपुर जेल में बंद होने के दौरान उसकी पहचान कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के पुरुषोत्तम और अन्य बदमाशों से हुई। इन सभी ने गोरखपुर मंडल में लूट की घटनाओं को अंजाम देने के लिए गिरोह बना लिया।
कर्मचारी की भूमिका की पुलिस कर रही है जांच
देवरिया। कैशवैन की रेकी करने वाले शातिर की तलाश पुलिस कर रही है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कई मोबाइल नंबर के बारे में जानकारी मिली है, जिसके जरिए और भी अहम सुराग मिल सकते हैं। इसमें एक कर्मचारी की भूूमिका के बारे में पुलिस गहनता से पड़ताल कर रही है। पुलिस को शक है कि कैशवैन की रेकी करने वाला व्यक्ति पल-पल की लोकेशन एक बदमाश को दे रहा था।
फरार बदमाशों के घर पहुंची पुलिस, उठा लाई सामान
देवरिया। घटनास्थल से फरार बदमाशों की तलाश में मंगलवार को पुलिस टीम उनके घर पहुंची। पुलिस सूत्रों के अनुसार काफी संख्या में पुलिस के पहुंचने पर गांव में अफतरफरी मच गई। घर से फरार बदमाशों के घर से पुलिस कुर्की की तर्ज पर काफी सामान लेकर चली आई।