संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया/भटनी। देवरिया सदर और भटनी रेलवे स्टेशनों से गुजरने वाली कई ट्रेनों की लेटलतीफी और रूट डायवर्जन ने यात्रियों की परेशानी बढ़ा दी है।
शनिवार को दिल्ली की ओर जाने वाली दो क्लोन एक्सप्रेस के मार्ग बदलने के कारण यात्रियों को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ी। लगातार ट्रेनों के विलंब से चलने से दिल्ली, गुजरात, मुंबई, पंजाब और कोलकाता जाने वाले यात्री घंटों प्लेटफार्म पर ट्रेन की प्रतीक्षा करते रहे।
रेलवे की ओर से यात्री सुविधा बढ़ाने के लिए जगह-जगह मरम्मत का कार्य कराए जा रहे हैं। इसके चलते ट्रेनें निर्धारित समय से सात से आठ घंटे की देरी से गंतव्य पहुंच रही हैं।
ऐसे में शादी समारोह में शरीक होने और गर्मी की छुट्टी में घर पहुंचने का प्लान बनाए हुए यात्रियों की मुसीबत बढ़ गई है। शनिवार को दिल्ली से दरभंगा जाने वाली क्लोन एक्सप्रेस सात घंटे 40 मिनट, आनंद विहार से सहरसा जाने वाली पुरबिया एक्सप्रेस ढाई घंटे, नई दिल्ली से बरौनी जाने वाली क्लोन एक्सप्रेस चार घंटे, पाटलिपुत्र-लखनऊ एक्सप्रेस साढ़े चार घंटे, जम्मूतवी-बरौनी मौर्यध्वज एक्सप्रेस डेढ़ घंटे विलंब रही।
रांची-गोरखपुर वीकली एक्सप्रेस नौ घंटे, मथुरा-छपरा एक्सप्रेस साढ़े पांच घंटे, अमृतसर-न्यू जलपाईगुड़ी कर्मभूमि एक्सप्रेस तीन घंटे, मुंबई-गोरखपुर काशी एक्सप्रेस एक घंटे, डिब्रूगढ़-चंडीगढ़ एक्सप्रेस एक घंटे, लखनऊ -पाटलिपुत्र एक्सप्रेस आठ घण्टे, गोरखपुर-बनारस इंटरसिटी एक्सप्रेस दो घंटे, लालगढ़-डिब्रूगढ़ तीन घण्टे की देरी से देवरिया और भटनी स्टेशनों पर पहुंचीं।
रेलवे ने दिल्ली की ओर जाने वाली दोनों क्लोन एक्सप्रेस व शहीद एक्सप्रेस ट्रेनों को डाइवर्ट कर अन्य मार्गों से संचालित किया। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा।
देवरिया स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या दो पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री सुमंत मिश्र, राकेश मद्धेशिया, बबलू जायसवाल ने बताया कि मेगा ब्लाॅक के चलते बीते कई दिनों तक ट्रेनों का संचालन बंद था, अब शुरू हुआ है तो देरी यात्रियों को परेशान कर रही है।
सदर रेलवे स्टेशन के अधीक्षक संदीप भटनागर एवं भटनी जंक्शन के अधीक्षक मनोज पांडेय ने बताया कि कुछ मार्गों पर मरम्मत कार्य की वजह से ट्रेनों के डाइवर्ट और विलंब की समस्या हो रही है।