बरहज। नगर के जयनगर गौरा में एक महिला से कुछ लोगों द्वारा मारपीट करने का मामला सामने आया है। जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया प्लेटफाॅर्म पर वायरल हो रहा है। बृहस्पतिवार को तहसील में जमानत कराने पहुंची गुड़िया मद्धेशिया पत्नी अमित मद्धेशिया का आरोप है कि पुलिस से शिकायत करने गई तो दिन भर थाने पर बैठाये रहे, जबकि हाल जानने पहुंचे माता-पिता का पुलिस ने शांतिभंग में चालान कर दिया। वह रो रही थी।
जयनगर-गौरा निवासिनी गुड़िया मद्धेशिया का कहना है कि आठ फरवरी को पुलिस को तहरीर देकर शिकायत किया था। दिए तहरीर में कहा है कि दो महीने से पति का कहीं सुराग नहीं लग रहा है। सास, श्वसुर, ननद सहित परिवार के अन्य लोग पति की दूसरी शादी कराने का धौंस दे रहे हैं।
उसका यह भी कहना है कि थाने पर इसकी शिकायत करने पर ससुराल पक्ष के लोग पड़ोसी की मदद से मारपीट किए। जबकि बुधवार की सुबह कुछ लोगों ने दोबारा भी मारापीटा। शिकायत के बाद भी पुलिस की ओर से सुनवाई नहीं किया गया। उलटे चालान कर दिया गया। इंस्पेक्टर राहुल सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है।