जनपद स्तरीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया दमखम
राजकीय इंटर काॅलेज देवरिया में पांच तहसील के छात्र-छात्राएं कर रहे प्रतिभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। राजकीय इंटर कॉलेज देवरिया के मैदान में आयोजित 79वीं जनपदीय माध्यमिक विद्यालयीय एथलेटिक्स एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता के दूसरे दिन शुक्रवार को दौड़, लंबी और ऊंची कूद, गोला फेंक, चक्र क्षेपण, डिस थ्रो, भला क्षेपण सहित कई खेलों और सांस्कृतिक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने अपना दमखम दिखाया। प्रतियोगिता के संयोजक प्रधानाचार्य राम किंकर मिश्र, उप प्रधानाचार्य महेंद्र प्रसाद व ज्ञानेश पांडेय ने विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
दूसरे दिन अंडर-19 वर्ग के तीन हजार मीटर दौड़ बालिका वर्ग में देवरिया सदर तहसील की अर्पिता तो बालक वर्ग में रुद्रपुर तहसील के सनी ने अपने प्रतिद्वंद्वियों को पछाड़ दिया। इसी आयु वर्ग के सौ मीटर दौड़ की बालिका वर्ग में बरहज की संजना ने बाजी मारी। अंडर-17 आयु वर्ग के चक्र क्षेपण बालक वर्ग में बरहज के कृष्णा यादव विजेता रहे। अंडर-19 बालिका वर्ग के गोला क्षेपण में मुस्कान अव्वल रहीं।
गोला क्षेपण अंडर-17 बालक वर्ग में भाटपाररानी के किशन कुमार प्रथम, रुद्रपुर के आदित्य द्वितीय व भाटपाररानी के सत्यम तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-19 में भाटपाररानी के लक्की यादव प्रथम, देवरिया सदर के नितिन वर्मा द्वितीय व बरहज के नर्मेश यादव तृतीय रहे। गोला क्षेपण अंडर-19 बालिका वर्ग में देवरिया ग्रामीण की मुस्कान प्रथम, भाटपाररानी की खुशी द्वितीय व सलेमपुर की सिंधु तृतीय स्थान पर रहीं।
ऊंची कूद अंडर-17 बालिका वर्ग में देवरिया ग्रामीण की अंकिता प्रजापति प्रथम, देवरिया ग्रामीण की नेहा द्वितीय व रुद्रपुर की प्रियंका तृतीय रहीं। ऊंची कूद अंडर-19 बालक वर्ग में सलेमपुर के चंदन प्रथम, भाटपाररानी के हिमांशु द्वितीय व देवरिया सदर के सागर शर्मा और तारीख संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। अंडर-17 के चार सौ मीटर दौड़ बालक वर्ग में रुद्रपुर के धनंजय निषाद प्रथम, भाटपाररानी के मोहम्मद शाजिद द्वितीय व देवरिया सदर के शिवम निषाद तीसरे स्थान पर रहे।
अंडर-19 में भाटपाररानी के लक्ष्मण प्रजापति प्रथम, देवरिया ग्रामीण के अमित राय द्वितीय व भाटपाररानी के अभय कुमार गोंड़ तृतीय स्थान पर रहे। अंडर-14 के बालक वर्ग में सौ मीटर दौड़ में रुद्रपुर के अजय रजक प्रथम, इसी तहसील के पंकज द्वितीय व देवरिया सदर के अंकित प्रजापति तृतीय रहे। बालिका वर्ग में सलेमपुर की मुन्नी यादव प्रथम, देवरिया ग्रामीण की नंदिनी द्वितीय व भाटपाररानी की पलक यादव तृतीय रहीं।
अंडर-19 बालिका वर्ग सौ मीटर दौड़ में बरहज की काजल प्रथम, भाटपार रानी की माला गोंड़ द्वितीय व इसी तहसील की खुशी यादव तृतीय रहीं। अंडर पास 17 आयुवर्ग के बालिका वर्ग में देवरिया सदर की वाल्मीकि प्रथम, भाटपार रानी की निधि कुमारी द्वितीय व सलेमपुर की जाह्नवी सिंह तृतीय स्थान पर रहीं। लंबी कूद बालिका वर्ग के अंडर 14 आयु वर्ग में देवरिया ग्रामीण की आतिया प्रथम, सलेमपुर की मुन्नी द्वितीय व रुद्रपुर की शिवांगी तृतीय रहीं। निर्णायक की भूमिका में जिला क्रीड़ा प्रभारी संदीप कुमार, कमेंद्र सिंह, विनोद यादव, संजय शाही, सत्येन्द्र सिंह आदि रहे।