रामपुर बुजुर्ग। श्रीरामपुर थाना क्षेत्र में बुधवार को छह वर्षीय छात्रा की हत्या के मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिल गई है। रिपोर्ट से आरोपी चाचा की हैवानियत सामने आई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर खुलासा हुआ है कि चाचा ने दुष्कर्म के बाद गला दबाकर मासूम की हत्या कर दी। इसके बाद शव को नदी में फेंका था। बता दें कि श्रीरामपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में कक्षा-दो में पढ़ने वाली छात्रा को बुधवार को आरोपी चाचा बहाना बनाकर अपने साथ ले गया था।
आरोपी ने रिश्तों की मर्यादा को तार-तार करते हुए गेंहू के खेत में उसने मासूम के साथ दुष्कर्म किया। करतूत न खुले इसके लिए हैवान चाचा ने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को झरही नदी के किनारे फेंक दिया।
परिजन जब बच्ची को खोजने लगे तो आरोपी भी उनके साथ खोजने का दिखावा करने लगा, हालांकि कुछ देर बाद उसका भेद खुल गया और पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही थी। शुक्रवार को पोस्टमार्टम रिपोर्ट पुलिस को मिल गई और इसके बाद पुलिस ने आरोपी को जेल भेज दिया है।
प्रभारी एसओ विपिन कुमार यादव ने बताया कि मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट आ गई है और आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया गया है।