तरकुलवा। एक सप्ताह पूर्व लापता हुई युवती का अपहरण नहीं हुआ था, बल्कि वह परिजनों की पिटाई की डर से घर छोड़कर चली गई थी। युवती बुधवार की देर शाम कंचनपुर चौराहे पर मिली।
थाने में युवती ने परिजनों के साथ जाने से इनकार कर दिया लेकिन प्रेमी के घरवालों के साथ रहना चाहती थी। इसके बाद उसके प्रेमी के परिजनों को बुलाकर उसे उनके सुपुर्द कर दिया गया।
इस मामले में युवती के परिजनों ने उसके प्रेमी समेत दो लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। युवती का प्रेम-प्रसंग बगल के गांव के एक युवक से है।
करीब एक सप्ताह पूर्व गोरया घाट से लौट रहे प्रेमी युवक को युवती के परिजनों ने अपने घर के सामने पकड़कर पिटाई कर दी थी। मारपीट के दौरान जब वह अचेत हो गया तो उसे फेंक दिया था।
युवती ने पुलिस को बताया कि उस घटना के बाद से ही वह घर छोड़कर चली गई थी। बाद में परिजनों ने प्रेमी और एक अन्य युवक के खिलाफ अपहरण का मुकदमा दर्ज करा दिया था।
थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि युवती बालिग है। वह जहां रहना चाहती है, उसे वहां रहने दिया जाएगा। संवाद