बरहज। लक्ष्मीपुर गांव में चकनाली पर बनाई जा रही सड़क के विवाद में अधिवक्ता बिजेंद्र सिंह की मौत हो गई। मामले में पुलिस ने पांच नामजद और सात-आठ अज्ञात पर हत्या आदि धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है। शुक्रवार को ब्रह्मभोज था, मगर इस मामले में आरोपियों की अब तक गिरफ्तारी नहीं हो पाई।
अधिवक्ता के पुत्र सिद्धार्थ का कहना है कि मामला आईने की तरह साफ है। चकनाली पर सड़क निर्माण कार्य नहीं कराया जा सकता। संपूर्ण समाधान दिवस में डीएम दिव्या मित्तल से शिकायत के बाद भी 50 फीसदी से अधिक सड़क बना ली गई है। इसका विरोध कर रहे पिता को जान भी गंवानी पड़ी। दरवाजे पर आ रहे हर अधिकारी भरोसा जता रहे हैं, मगर पिता के ब्रह्मभोज के दिन तक हत्यारोपियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी।
सरकारी अभिलेख में दर्ज चकनाली पर ग्राम पंचायत की ओर से पक्की सड़क निर्माण कराया जा रहा था। परिजनों के अनुसार, नियम विरूद्ध होने के कारण चकनाली पाटकर बनाई जा रही सड़क का अधिवक्ता बिजेंद्र सिंह विरोध कर रहे थे। अधिवक्ता की पत्नी सत्यावती सिंह, पुत्र सिद्धार्थ और प्रशांत आदि का कहना है कि चकनाली पर जबरिया बनाई जा रही सड़़क विवाद प्रकरण के बारे में एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी के अलावा डीएम दिव्या मित्तल को भी जानकारी थी। एक अधिवक्ता की शिकायत और निर्माण नियम विरूद्ध होने के बाद भी अधिकारियों ने रूचि नहीं दिखाई।