CM योगी ने बताया कि देवरिया-कसया फोरलेन मऊ जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा। वहीं कुशीनगर में यह गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से कनेक्ट होगा। इस तरह देवरिया की सीधी कनेक्टिविटी देशभर के महानगरों तक हो जाएगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को देवरिया के भीमपुर में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने देवरिया-कसया फोरलेन और देवरिया-हाटा टू लेन समेत 6.55 अरब की विकास परियोजनाओं की सौगात दी।
विज्ञापन
उन्होंने 292 करोड़ की लागत से बनने वाले देवरिया-कसया फोरलेन को नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर का नाम देते हुए कहा कि यह सड़क मऊ जिले में जहां पूर्वांचल एक्सप्रेसवे से जुड़ेगी, वहीं कुशीनगर में गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से भी जुड़ेगी।
इस तरह पूर्वांचल एक्सप्रेसवे और गोरखपुर-सिलीगुड़ी एक्सप्रेसवे से जुड़कर देवरिया की कनेक्टिविटी देशभर के महानगरों तक हो जाएगी। इस दाैरान उन्होंने कहा कि अमेरिका-ईरान युद्ध के चलते बिटुमेन (तारकोल) की किल्लत से सड़क निर्माण में आ रही बाधा दूर करने के लिए प्रदेश सरकार ने विकल्प तलाश लिया है।
प्रदेश में अब मोहल्लों से लेकर हाईवे तक सड़क निर्माण में सीमेंट का प्रयोग किया जाएगा। आरसीसी और इंटरलॉकिंग वाली सड़कों से लागत तो जरूर बढ़ेगी लेकिन मजबूती भी मिलेगी। विकास कार्यों की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि सीमेंट की सड़कें बनाने में लागत जरूर बढ़ेगी लेकिन जनता को मजबूत और टिकाऊ सड़कें मिलेंगी।
उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। समारोह में सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने सपा और कांग्रेस पर भी जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा और कांग्रेस को हमेशा राम नाम से दिक्कत रही लेकिन भाजपा सरकार ने अयोध्या में भव्य राम मंदिर बनवाया।
यह नया उत्तर प्रदेश है जो सुशासन, सुरक्षा, विरासत और विकास की पहचान बन चुका है। जिन क्षेत्रों में लोग हिंदी नहीं बोल पाते हैं, वहां भी जाने पर वहां के लोग भी जय श्रीराम कहकर अभिवादन करते हैं। हम अरुणाचल के पहाड़ों में जाएं, महाराष्ट्र के किसी सुदूर कोने में, जम्मू-कश्मीर हो, हिमाचल हो या दक्षिण के तमिलनाडु-केरल में, जहां भी हम जाते हैं, हिंदी नहीं जानने वाला व्यक्ति भी हमें देखते ही मुस्कुराकर कह उठता है योगी जी, जय श्री राम! आप सोचिए, जिसे हिंदी का एक शब्द भी नहीं आता, वह भी अभिवादन में योगी जी जय श्री राम कहता है।
आज हमारी पहचान राम से, कृष्ण से और बाबा विश्वनाथ से बन गई है। यह हमारे देवी-देवताओं का आशीर्वाद है जो सीधे-सीधे हम पर बरस रहा है। पिछली सरकारों में योजनाओं का लाभ चेहरा देखकर दिया जाता था लेकिन हमारी सरकार में कोई भेदभाव नहीं होता है।