देवरिया। शहर के भुजौली कॉलोनी में तोड़े गए नाले का निर्माण कार्य जल्द दोबारा शुरू कराया जाएगा। मानकों की अनदेखी कर बनाए जा रहे इस नाले को अधिशासी अधिकारी ने शुक्रवार को ध्वस्त करा दिया था। शनिवार को यहां काम ठप रहा।
अब प्रशासन इस हिस्से को नए सिरे से और बेहतर गुणवत्ता के साथ बनवाने की तैयारी में है।भुजौली कॉलोनी से रजला रोड के किनारे जल निकासी की समस्या को दूर करने के लिए एक नए आरसीसी नाले का निर्माण कराया जा रहा है। रजला गांव और सेंटर टोला के बीच में एक जगह सड़क की क्राॅसिंग के पास नाले की मोटाई मानक के अनुसार नहीं बनाई गई। इसका लोगों ने विरोध करते हुए शिकायत दर्ज कराई थी।
इस पर नगर पालिका की टीम ने मौके का निरीक्षण किया तो नाले की मोटाई कम पाई गई। इस पर ठेकेदार से मोटाई को मानक के अनुरूप बनाने का निर्देश दिया गया था।
निर्देश की अवहेलना करने पर अधिशासी अधिकारी संजय कुमार तिवारी ने स्टॉफ के साथ पहुंचकर जेसीबी से नाले के क्रांसिंग वाले हिस्से को तोड़वा दिया।
ईओ संजय कुमार तिवारी ने बताया कि नाले का निर्माण मानक के अनुसार कराया जाएगा। गुणवत्ता से समझौता करने वाले ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। संवाद