देवरिया। जिले के बेसिक स्कूलों के शिक्षकों को जिला प्रशासन ने 15 मार्च तक होली का अवकाश दे दिया है। कई शिक्षक संगठन इसकी लगातार मांग कर रहे थे। शिक्षकों की मांग को देखते हुए जनपद में अब बेसिक शिक्षा परिषद के शिक्षक 14, 15 मार्च तक होली मना सकेंगे। इससे बाहरी जिलों के निवासी शिक्षकों ने राहत महसूस की है। पहले उन्हें 13 व 14 के अवकाश के बाद 15 मार्च को स्कूल आकर ज्वाइन करना था।
शासन की ओर से बेसिक शिक्षकों के लिए होली का अवकाश 13 व 14 मार्च को पूर्व में ही घोषित किया जा चुका है। इधर पूर्वांचल में होली का त्योहार 14 व 15 मार्च दो दिन होने के चलते बाहरी जिलों के निवासी शिक्षकों के लिए यह परेशान कर रहा था। शिक्षकों की समस्या को देखते हुए उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ सहित अन्य शिक्षक संगठनों की ओर से इस संबंध में डीएम को संबोधित ज्ञापन बीएसए को तीन दिन पूर्व सौपा गया था। प्राथमिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष शैलेंद्र सिंह ने बताया कि 15 मार्च को शनिवार दिन पड़ रहा है। ऐसे में जो बाहरी जिलों के शिक्षक हैं वह समय से स्कूल नहीं पहुंच पाते। इसलिए संगठन की ओर से 15 मार्च को अवकाश घोषित करने की मांग की गई थी। बीएसए शालिनी श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को बताया कि उत्तर प्रदेश बेसिक शिक्षा परिषद के अधीन संचालित एवं मान्यता प्राप्त विद्यालयों में दिए जाने वाले अवकाशों की तालिका में 13 व 14 मार्च को होली के पर्व पर अवकाश घोषित किया गया है। जिलाधिकारी की सहमति के बाद इसे बढ़ाकर 15 मार्च तक कर दिया गया है।