बरियारपुर। क्षेत्र के महुआनी चौराहे के पास सोमवार की सुबह सड़क किनारे पानी में उतराया हुआ एक युवक का शव मिलने से सनसनी फैल गई।
युवक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। सूचना पर पहुंची बरियारपुर और कोतवाली पुलिस के बीच थाने की सीमा को लेकर विवाद की स्थिति बन गई। काफी देर बाद तय हुआ कि शव बरियारपुर थाना क्षेत्र में मिला है। इसके बाद बरियारपुर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, महुआनी चौराहा से पश्चिम देवरिया मार्ग के दक्षिण दिशा में सड़क के किनारे पानी में औंधे मुंह पड़े शव को ग्रामीणों ने देखा। तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर बरियारपुर, कोतवाली और यूपी-112 पुलिस पहुंची तथा शव को निकलवाया गया।
पहले कोतवाली पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ कर शव की शिनाख्त कराने की कोशिश की, मगर कामयाबी नहीं मिल पाई। थानाध्यक्ष दीपक सिंह ने बताया कि शव बरियारपुर थाना क्षेत्र में मिला है। संवाद