- 12 गांवों के 40-50 युवा रोजाना सीखते हैं कुश्ती के दांव-पेच
- मंडल व प्रदेश स्तर पर मैच जीतकर बढ़ा रहे हैं जिले का मान
- महिला पहलवान भी आकर कर रहीं जोर आजमाइश
संवाद न्यूज एजेंसी
देसही देवरिया। हरपुर निजाम (हनुमानगंज) गांव में 10 साल से चल रहा अखाड़ा युवाओं के आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। कुश्ती के क्षेत्र में पुरुष और महिलाओं की बखूबी पौध तैयार कर रहा यह अखाड़ा युवाओं को भा रहा है। 15 से अधिक गांवों के 40-50 पहलवान प्रतिदिन यहां आकर कुश्ती के दांव सीखते हैं। यहां के पहलवान प्रदेश में जिले का मान बढ़ा रहे हैं।
जिला मुख्यालय से दूर गांव में चल रहा यह अखाड़ा क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। पथरदेवा के हरपुर निजाम गांव में चल रहे पटेल अखाड़े में प्रतिदिन सुबह होते ही कंचनपुर, खुटहा, पटखौली, रतनपुरा, बजरिया, सिधावे, सिरवनिया, रामपुर महुआबारी, हड़फोड़ा, पकड़ी छापर, गोपालपुर, भेलीपट्टी आदि गांवों के 40-50 युवाओं की भीड़ पहुंचती है। कुश्ती में रुचि लेने वाली कुछ युवतियां भी इस अखाड़े में जोर आजमाइश के लिए पहुंचती हैं।
जिला मुख्यालय से करीब 20 किसी दूर इस गांव में पूर्व प्रधान हरि किशुन पटेल ने 10 साल पहले इस अखाड़े की शुरुआत की थी। दो साल पहले उनके निधन के बाद उनके बेटे बिट्टू पटेल उर्फ भयंकर पहलवान इस अखाड़े को चला रहे हैं। बिट्टू ने हाल ही में गोरखपुर में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता में आगरा के सत्येंद्र यादव को हराकर रजत पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है।
इसके अलावा यहां कुश्ती के दांव सीख रहे गंभीर सिंह, नमो पटेल, निधि पटेल आदि पहलवानों ने क्षेत्र से लेकर मंडल तक अपनी हुनर से अखाड़ा का मान बढ़ाया है। यहां अखाड़े के पहलवान जमशेद खान इस समय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा कर रहे हैं।
..
कोट
अखाड़ा पिता ने शुरू किया था। उनके मृत्यु के बाद अब वह परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। सरकारी सुविधाओं के अभाव में गांवों की प्रतिभाएं आगे नहीं बढ़ पा रही हैं। ऐसे में युवाओं को कुश्ती सिखाकर वह अपने को भाग्यशाली समझते हैं।
- बिट्टू पहलवान, कोच