कैमरों की नजर में रहेंगी मतगणना केंद्र की गतिविधियां
देवरिया। 10 को विधानसभा चुनाव के मतों की गणना के लिए शनिवार को मतगणना संकलन पर्यवेक्षक, सहायक, माइक्रो आब्जर्वर का प्रथम प्रशिक्षण इंदिरा गांधी बालिका इंटरमीडिएट कॉलेज टाउनहाल में हुआ। इसमें मुख्य विकास अधिकारी रवींद्र कुमार ने कहा कि मतों की गणना निर्वाचन प्रक्रिया का सबसे महत्वपूर्ण चरण है। इसमें सावधानी पूर्वक मतों की गणना करनी होगी। मतगणना हाल के अंदर अनुशासित तरीके से कार्य करना होगा।
उन्होंने कहा कि मतगणना हाल में मोबाइल फोन, लाइटर, कैलकुलेटर, पान, पान-मसाला, सिगरेट ले जाने पर पूरी तरह प्रतिबंध है। मतगणना प्रक्रिया की वीडियोग्राफी की जाएगी, जिससे हर गतिविधि पर नजर रहेगी। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष रहते हुए मतगणना को करना होगा। लापरवाही मिलने पर वैधानिक और प्रशासनिक कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक गणना टेबल पर एक माइक्रो आब्जर्वर तैनात रहेंगे। माइको आब्जर्वर की ओर से अलग से निर्धारित प्रारूप 17-सी पर गणना टेबल पर लाई गई मशीन का नंबर, टेबल, चक्र व बूथ नंबर एवं प्रत्याशियों को प्राप्त मतों का विवरण नोट किया जाएगा। इस पर ईवीएम (कंट्रोल यूनिट) के गणना मेज पर आते ही गणना पर्यवेक्षक इसमें लगे एड्रेस टैग को देखकर इसकी विधिवत जांच करेंगे।
उसके बाद गणना अभिकर्ताओं को दिखाएंगे कि मतगणना टेबल पर लाई गई कंट्रोल यूनिट उसी बूथ नंबर की है। उसकी गणना इस टेबल पर की जानी है। कंट्रोल यूनिट के गणना मेज पर आने पर गणना पर्यवेक्षक की ओर से सीयू नंबर का मिलान कर मतपत्र लेखा 17 सी भाग-एक में अंकित नंबर से किया जाएगा। उसके बाद उम्मीदवारों व गणना अभिकर्ताओं को दिखाया जाएगा। यूनिट मतदान समाप्त होने के बाद सील उसी स्थिति में है और वही कंट्रोल यूनिट है, जिसका इस्तेमाल मतदान के लिए किया गया है। इसके साथ कोई छेड़छाड़ नहीं की गई है। कंट्रोल यूनिट की जांच करने के बाद रिजल्ट खंड की बाहरी सील (एड्रेस टैग) हटाएंगे। ग्रीन पेपर सील पर लिखे नंबर को सुरक्षित रखते हुए हटाया जाएगा। रिजल्ट खंड का बाहरी कवर खोल कर कंट्रोल यूनिट का पावर स्विच ऑन करेंगे।
गैरहाजिर कर्मियों का प्रशिक्षण आज
देवरिया। मुख्य विकास अधिकारी ने बताया कि प्रशिक्षण में तीन मतगणना सुपरवाइजर, सात मतगणना सहायक एवं नौ माइक्रो आब्जर्वर सहित कुल 19 मतगणना कार्मिक अनुपस्थित पाए गए हैं। अनुपस्थित कार्मिकों का प्रशिक्षण छह मार्च को प्रात: 11 बजे से विकास भवन के गांधी सभागार में कराया जाएगा। संवाद