प्रवेश पत्र की छायाप्रति देने पर ही रोडवेज देगा निशुल्क यात्रा का लाभ
आज दोनों पालियों में 47 केंद्रों 27 हजार से अधिक अभ्यर्थी देंगे यूपीटीईटी
यात्रा का विवरण एवं हस्ताक्षर करना होगा
संवाद न्यूज एजेंसी
देवरिया। 23 जनवरी को जनपद में दोनों पालियों को मिलाकर 47 केंद्रों पर शिक्षक पात्रता परीक्षा होगी। 27 हजार से अधिक अभ्यर्थी इसमें भाग लेंगे। परीक्षा में भाग लेने जा रहे अभ्यर्थियों को रोडवेज की ओर से निशुल्क यात्रा का लाभ कुछ औपचारिकता पूरी करने पर दी जाएगी। इस संबंध में अभ्यर्थी को प्रवेश पत्र की चार से पांच छायाप्रति अपने पास रखनी होगी और यात्रा के समय उसे परिचालक को देना होगा।
जिला प्रशासन की ओर से रविवार को दोनों पालियों में होने वाली यूपीटीईटी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। प्रथम पाली में 28 केंद्रों पर 17,138 एवं द्वितीय पाली में 19 परीक्षा केंद्रों पर 10,697 परीक्षार्थी भाग लेंगे। प्रथम पाली का समय 10 बजे से 12:30 बजे तक एवं द्वितीय पाली 2:30 से पांच बजे तक होगा। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर दो स्टेटिक मजिस्ट्रेट एवं एक पर्यवेक्षक तैनात किए गए हैं। डीएम आशुतोष निरंजन सहित शिक्षा विभाग से जुड़े अन्य अधिकारी परीक्षा की निगरानी कर रहे हैं। उधर, शासन के आदेश पर परिवहन निगम ने भी इस बार की टीईटी परीक्षा में भाग ले रहे अभ्यर्थियों को निशुल्क यात्रा कराने के निर्णय को अमल में लाने के लिए शनिवार से ही प्रयास शुरू कर दिया। डिपो के वरिष्ठ केंद्र प्रभारी राकेश त्रिपाठी ने बताया कि यूपीटीईटी के लिए चालकों-परिचालकों एवं निर्धारित रूटों पर बसों की ड्यूटी लगा दी गई है। ऐसे परीक्षार्थियों को रोडवेज की ओर से निशुल्क यात्रा योजना 22, 23 व 24 जनवरी तक प्रभावी होगी। इसके लिए अभ्यर्थियों को अपने प्रवेश पत्र की तीन से चार छायाप्रति अपने पास रखनी होगी। परिचालक उनसे एक छायाप्रति लेकर कहां से कहां तक जाना है, तथा हस्ताक्षर कराकर अपने पास रखेगा। इसके बाद ही निशुल्क यात्रा का लाभ दिया जाएगा। उधर, एआरएम ओम कुमार मिश्रा ने कहा कि रविवार को यूपीटीईटी में भाग लेने परीक्षार्थी रोडवेज की बसों से फ्री में यात्रा कर सकेंगे।