बरहज। क्षेत्र में बदमाश अहीर 009 गिराहे फिर सिर उठाने लगा है। इसमें शामिल ज्यादातर नाबालिग बताए जा रहे हैं। शुक्रवार को इस गिरोह का सोशल प्लेटफाॅर्म पर मारने-पीटने का एक वीडियो वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो नेऊरी बगीचे में बनाया जाना बताया जा रहा है। पीड़ित ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है।
मदनपुर थाना क्षेत्र में बदमाश अहीर 009 गिरोह के गुर्गे सोशल प्लेटफाॅर्म पर वीडियो वायरल कर दहशत का माहौल बनाने की कोशिश कर रहे हैं। कुछ माह बाद एक बार फिर इस प्रकार के गिरोह सिर उठाने की बात सामने आ रही है। वायरल वीडियो में कुछ लोगों द्वारा दो युवकों की पिटाई कर रहे हैं। वायरल वीडियो में धमकी भी दी जा रही है।
मोहरा गांव निवासी धनंजय साहनी ने मदनपुर पुलिस को तहरीर देकर बताया है कि महेन में मकान का निर्माण कार्य करा रहा हूं। मजदूरों के लिए नाश्ता लाने बाइक से बाजार में गया था। जहां कुछ लोगों ने बाइक की चाभी छीन ली। बाइक पर जबरदस्ती बैठाकर मोहरा गांव के निकट नेऊरी बागीचे में ले गए। वहां पहले से 10 की संख्या में मौजूद मनबढ़ाें ने उनकी पिटाई की। पैर पर गिराए, थूक चटवाने के साथ वीडियो भी बना लिया। मदनपुर के एसओ नंदा प्रसाद ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। अगर वीडियो सही हुआ तो इस गिरोह के गुर्गों की तलाश कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।