जिला अस्पताल के चिलड्रेन वार्ड में भर्ती डायरिया पीडित बच्चे।
देवरिया में गर्मी के तीखे तेवर का असर बच्चों पर दिखने लगा है। अस्पतालों में डायरिया, बुखार, पेट दर्द आदि से प्रभावित मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया है। जिला अस्पताल की ओपी़डी में प्रतिदिन दर्जनों बच्चे पहुंच रहे हैं। बाल रोग विभाग के एईएस/जेई वार्ड में इस समय 34 से अधिक बच्चे भर्ती हैं।
जिला अस्पताल में ओपीडी में काउंटर पर पर्चा बनवाने के बाद चिकित्सकों के कक्ष में भीड़ उमड़ रही है। बाल रोग विशेेषज्ञ कक्ष में बच्चों को लेकर तीमारदारों को इंतजार करना पड़ता है। मंगलवार को उल्टी, दस्त और पेट दर्द और बुखार से पीड़ित बच्चों की संख्या अधिक देखी गई। जिला अस्पताल के बच्चों के एईएस/जेई वार्ड में 34 से अधिक बच्चे भर्ती थे।
इनमें मदनपुर के बरडीहा अली की जिया सिंह (1), भैंसही की नंदिनी पासवान, रामपुर अवस्थी की अंशिका, खैराट की रिया, रतनपुर का अनूप, पिपरपाती का देवराज, विशुनपुरा की आस्था, अजयपुरा का अनुराग यादव, परसिया भंडारी का आर्यन समेत 15 बच्चे डायरिया और अन्य बच्चे बुखार से पीड़ित हैं। तीन बच्चे एईएस से पीड़ित बताए गए। जिला अस्पताल के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. एके वर्मा ने बताया कि गर्मी से बचने के लिए सावधानी बरतनी होगी।