बीएसए शालिनी श्रीवास्तव से पूछताछ करतीं जिलाधिकारी दिव्या मित्तल, फोटो संवाद
देवरिया। कृषक लघु माध्यमिक विद्यालय मदरसन के सहायक अध्यापक कृष्ण मोहन सिंह की खुदकुशी के मामले में सोमवार को बीएसए कार्यालय पहुंचीं जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने बीएसए शालिनी श्रीवास्तव को जमकर फटकार लगाई। डीएम के प्रश्नों पर बीएसए कोई उत्तर नहीं दे पाईं।
जिलाधिकारी दिव्या मित्तल सोमवार दोपहर करीब 12 बजकर 20 मिनट पर बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय पहुंचीं। वह बीएसए कक्ष में कुर्सी पर बैठते ही फाइल पर एक सरसरी निगाह डालने के बाद बेसिक शिक्षा अधिकारी शालिनी श्रीवास्तव ने निर्णय में देरी को लेकर सवाल किया। उन्होंने बीएसए शालिनी श्रीवास्तव से पूछा कि बताइए बीएसए साहिबा कोर्ट के आदेश के बाद आपने अब तक इस मामले में निर्णय क्यों नहीं लिया। आपने इसको महत्व क्यों नहीं दिया। इसके बाद बीएसए ने देरी के पीछे पटल परिर्वतन को वजह बताया। इस पर डीएम ने सख्त लहजे में कहा कि पटल परिवर्तन से निर्णय लेने में देरी कैसे हो गई। इस पर बीएसए ने कुछ जवाब दिया तो डीएम ने कहा कि हाईकोर्ट ने जब आदेश दिया तो आपने निर्णय क्यों लटकाए रखा? इस पर बीएसए निरुत्तर हो गईं।