भाटपार रानी। थाना अंतर्गत भटनी भाटपार रानी मार्ग पर मंगलवार की देर रात एक ट्रक की चपेट में आने से 16 वर्षीय किशोर की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को विधिक कार्रवाई के बाद बुधवार पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
भाटपार रानी थाना के ग्राम जसुई निवासी अशोक यादव का 16 वर्षीय गांव से किसी कार्यवश पास के गांव मालीबारी जा रहा था। वह भाटपार रानी भटनी मार्ग पर स्थित पिपरहिया गांव के सामने पहुंचा था। इसी दौरान सामने से आ रही ट्रक की चपेट में आ गया। घटना स्थल पर उसकी मौत हो गई। ट्रक चालक ट्रक लेकर फरार हो गया। आसपास के लोगों ने उसकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। मौत की सूचना पर परिजनों में चीख पुकार मच गई। पुलिस ने शव को विधिक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम में भेज दिया। थाना प्रभारी आहूत यादव ने बताया कि शव को पीएम में भेज दिया गया है। अभी कोई तहरीर नहीं आई है।