रामपुर बुजुर्ग। थाना श्रीरामपुर क्षेत्र के भवानी छापर बाजार में एक किशोर द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने का मामला प्रकाश में आया है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार देवरिया के थाना लार क्षेत्र के ग्राम पिपरा लार निवासी जयदीप सिंह बिहार में शिक्षक हैं और भवानी छापर में रहते हैं। मृतक के पिता ने बृहस्पतिवार को थाने पर लिखित आवेदन देकर बताया कि उनके बेटे सार्थक कुमार (14 वर्ष) ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली है। उन्होंने घटना के संबंध में किसी प्रकार का आरोप न लगाते हुए पंचायतनामा व पोस्टमार्टम कराने की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी की। इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने बताया कि पंचायतनामा की कार्रवाई पूरा करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।