सलेमपुर। पति से फोन पर बात नहीं होने और ससुराल पक्ष की कथित प्रताड़ना से आहत एक महिला बुधवार को जान देने की नीयत से जहर की पुड़िया तलाशती हुई बाजार पहुंच गई। वह तहसील गेट से गांधी चौक के बीच कई मेडिकल स्टोरों पर जाकर दवा मांगती रही। एक दुकानदार ने उसकी मन की स्थिति भांपकर तुरंत पुलिस को सूचना दे दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को समझा-बुझाकर शांत कराया। बाद में उसके भाई को बुलाकर महिला को सुपुर्द कर दिया गया। भाई को देखते ही महिला फफक पड़ी और आपबीती सुनाई। महिला ने बताया कि ससुराल वालों की प्रताड़ना और पति द्वारा फोन पर बात नहीं करने से वह मानसिक रूप से बेहद आहत थी। इसी तनाव में उसने गलत कदम उठाने का प्रयास किया। पुलिस की सक्रियता और समय रहते मिली सूचना से उसकी जान बच गई। बताया गया कि महिला की शादी करीब एक साल पहले बरियारपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में हुई थी। वह नगर पंचायत के एक वार्ड की रहने वाली है। कोतवाली प्रभारी दिनेश कुमार मिश्र की तत्परता और बाजार के दुकानदार की सजगता से एक बड़ा हादसा टल गया। पुलिस ने परिजनों को महिला का विशेष ध्यान रखने और उसे मानसिक रूप से सहयोग देने की सलाह दी है।