तालाब में डूबने के मौत शव निकालने पहुंचे लोग
- फोटो : SALEMPUR
दोस्त को बचाने में डूब गया किशोर
सलेमपुर(देवरिया)। कोतवाली क्षेत्र के पुरैना गांव में शुक्रवार को तालाब में डूब रहे दोस्त को बचाने की कोशिश में किशोर की डूबने से मौत हो गई। करीब दो घंटे बाद उसका शव निकाला गया। घटना से गांव में कोहराम मच गया है।
जमुआ नंबर एक निवासी छड़ीलाल चौहान अपने पांच बच्चों के साथ पुरैना गांव के बाहर घोठा बनाकर रहते हैं। वह भैंस पालन कर आजीविका चलाते हैं। उनका सबसे छोटा पुत्र नंदू (14) जनता इंटर कॉलेज पुरैनी परसिया में नौवीं कक्षा का छात्र था। रोज की तरह स्कूल से घर आने के बाद वह दोस्तों के साथ भैंस चराने चला गया। वहां से वह पुरैना स्थित तालाब में नहाने निकल पड़ा। इसी दौरान एक साथी सुधाकर पुत्र राजकुमार डूबने लगा। उसे डूबता देख नंदू बचाने के लिए बढ़ा। सुधाकर तो बच गया, लेकिन बचाने की कोशिश में गहरे पानी में जाने से नंदू डूब गया। उधर, ग्राम पकड़ी बाबू निवासी श्रीराम प्रसाद (45) मजदूरी करता था। वह शुक्रवार को अपराह्न गांव के उत्तर तरफ तालाब में स्नान करने गया। बरसात के पानी से लबालब तालाब में पैर फिसलने से वह गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देख तालाब में नहा रहे अन्य युवकों ने शोर मचाना शुरू किया। मौके पर पहुंचे गांव के लोगों ने मछुआरों की मदद से घंटों बाद शव को बाहर निकाला।