माध्यमिक वित्तविहीन शिक्षक महासभा के बैठक को प्रदेश सचिव लाल बहादुर यादव ने संबोधित किया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। माध्यमिक वित्त विहीन शिक्षक महासभा की बैठक राजकीय इंटर कॉलेज में जिलाध्यक्ष राजकिशोर यादव की अध्यक्षता में हुई। इसमें उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से वित्तविहीन शिक्षकों के लिए मानदेय की व्यवस्था करने के बाद भी मानदेय नहीं मिलने पर नाराजगी व्यक्त की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए महासभा के प्रदेश सचिव लालबहादुर यादव ने कहा कि 19 अप्रैल 2016 को मुख्य सचिव की अध्यक्षता में बनी सात सदस्यों की समिति ने मानदेय के संबंध मेें अब तक कोई कार्रवाई नहीं की है।
इससे वित्तविहीन शिक्षकों का भविष्य अधर में लटकता जा रहा है। एक अगस्त को शिक्षा निदेशक कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बाद भी मानदेय शिक्षकों के खाते में नहीं पहुंचा तो दूसरे दिन से ही महासभा के पदाधिकारी धरना-प्रदर्शन चलाते रहेंगे और यह तब तक चलेगा जब तक कि मानदेय खाता में न पहुंच जाए।
बैठक को संबोधित करते हुए सुजीत पांडेय ने कहा कि सरकार शिक्षकों के साथ-साथ छात्रों के साथ खिलवाड़ कर रही है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2013, 14 और 15 में अग्रिम पंजीकरण कराए छात्रों का परीक्षा फॉर्म आनलाइन नहीं भरा जा रहा है।
इससे लाखों छात्रों का भविष्य अधर में लटका हुआ है। इस संबंध में सभी प्रधानाचार्यों ने डीआईओएस को ज्ञापन दिया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। बैठक में अभिषेक तिवारी, नारायन यादव, सुनील सिंह, अनिल यादव, सफायत अली, अवनीश मिश्रा, राजेश राय, जुबेर अहमद, आद्या यादव, प्रवीण राय आदि मौजूद रहे।