तहसील दिवस के दौरान मुख्य गेट पर ताला बंद कर दिया।
- फोटो : अमर उजाला
रुद्रपुर। सर्वे न्यायालय गोरखपुर ले जाने के विरोध में मंगलवार को वकीलों ने हंगामा शुरू कर दिया। उन्होंने तहसील दिवस के दौरान मुख्य गेट पर ताला बंद कर दिया।
जिससे करीब आधे घंटे तक तहसील दिवस प्रभावित रहा। इस दौरान वकीलों ने सर्वे विभाग के एआरओ के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। उन्होंने सर्वे कार्यालय पर देर शाम तक ताला लगाए रखा।
बार संघ के अध्यक्ष ब्रजबिहारी पांडेय के नेतृत्व में वकीलों ने सर्वे कार्यालय और तहसील सभागार के मुख्य गेट पर ताला लगाकर नारेबाजी शुरू कर दी। ताला लगने से तहसील दिवस पर आए लोग सभागार में नहीं जा पा रहे थे।
इस दौरान एसडीएम डॉ. राजेश कुमार ने वकीलों से बात करने का प्रयास किया, पर वकील अड़े रहे। उन्होंने कहा कि सर्वे कार्यालय गोरखपुर चले जाने से आम लोगों को बहुत परेशानियां झेलनी पड़ेगी। विभाग के अड़ियल रवैये के कारण काश्तकारों को गोरखपुर तक चक्कर काटना पड़ेगा। बिना किसी को सूचना दिए सर्वे कार्यालय की पत्रावलियों को गोरखपुर मंगाया जा रहा था, ऐसे में सर्वे कार्यालय में वकीलों का ताला लगा रहेगा।
जनहित को देखते हुए तहसील में सर्वे न्यायालय चालू रखना आवश्यक है। एसडीएम के आश्वासन के बाद मुख्य गेट से अधिवक्ताओं ने ताला हटाया। प्रदर्शन करने वालों में महामंत्री सत्यप्रकाश सिंह, आनंद सिंह, राजेश त्रिपाठी, अशफाक अहमद, फणिंद्र पांडेय, विकास तिवारी, आनंद शंकर मणि, अनिल पांडेय आदि मौजूद रहे।