गहिला में मृतक सूबेदार के घर रोती बिलखती परिवार की महिलाएं
रुद्रपुर (देवरिया)। सूबेदार सत्यवान सिंह की मौत से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि सड़क हादसे ने दो और अपनों को छीन लिया। पति के पार्थिव शरीर के पीछे दूसरी गाड़ी से आ रहीं सरोजनी को जब एंबुलेंस हादसे में बेटे गौरव और देवर रामसमुझ की मौत की खबर मिली तो वह सदमे से बेहोश हो गईं। हालत बिगड़ने पर उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा।
गहिला गांव में हादसे की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई। पति को खो चुकी सरोजनी पर बेटे की मौत की खबर ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया। वहीं पिता के निधन के बाद से रो रही बेटी दीक्षा को जब भाई गौरव की मौत का पता चला तो वह बदहवास हो गई।
रामसमुझ के घर का दर्द भी कम नहीं था। पत्नी शीला पति की मौत की खबर सुनकर बेसुध हो गईं। बेटे विवेक, विक्की और विकास की चीख-पुकार से घर का माहौल गमगीन हो गया।
कुछ घंटे पहले तक परिवार सूबेदार सत्यवान सिंह की अंतिम विदाई की तैयारी में जुटा था। किसी को अंदाजा नहीं था कि उसी दिन दो और अर्थियां उठेंगी। एक साथ तीन अपनों को खोने से पूरा परिवार टूट गया। गांव में मातम पसरा है। परिजन को ढांढ़स बंधाने पहुंचे लोगों की आंखें भी अपनों का विलाप देखकर नम हो गईं।
....