तहसील परिसर में विद्यार्थियों ने दिया धरना
भाटपाररानी। नगर के मदन मोहन मालवीय पीजी कॉलेज के विद्यार्थियों ने सोमवार को शुल्क वृद्धि का विरोध करते हुए स्थानीय तहसील परिसर में धरना दिया। उन्होंने सरकार के विरोध में नारेबाजी की और एसडीएम राजपति वर्मा को ज्ञापन सौंपकर शुल्क वृद्धि वापस लेने की मांग की।
ज्ञापन में विद्यार्थियों ने लिखा है कि एक तरफ सरकार बेटी पढ़ाओ, बेटी बढ़ाओ का नारा दे रही है और दूसरी तरफ नई शिक्षा नीति लागू कर शुल्क में बेतहाशा वृद्धि कर समाज के गरीब विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा से वंचित करने का काम कर रही है। सेमेस्टर प्रणाली के नाम पर एक ही सत्र में दो बार शुल्क वृद्धि कर फीस वसूली छात्रहित में नहीं है।
उन्होंने प्रदेश सरकार से शुल्क वृद्धि वापस लेने की मांग की है। इसके पहले छात्र, कॉलेज परिसर में इकट्ठा होकर नगर की सड़कों पर प्रदर्शन करते हुए तहसील मुख्यालय पहुंचे। वहां घंटों धरना देने के बाद अपनी मांगों का ज्ञापन सौंपा। धरने में अनिल कुमार सिंह, राजकुमार साह, अभिषेक कुमार शर्मा, रतन कुमार साह, आदित्य चौहान, प्रियांशु सिंह, अमन पासवान, अनिकेत बरनवाल, रेनू प्रजापति, अंजली कुमारी, मुन्नी, रीता, अंकिता मिश्रा, निशा कुमारी, बंटी शर्मा, सुमिता सिंह, शिखा, अंजना जायसवाल, मणिकांत शर्मा आदि शामिल रहे।