मेहरौना घाट। पीएम पोषण मध्याह्न भोजन में फ्लेक्सी फंड से परिषदीय विद्यालयों के छात्रों को इस माह से अगले साल मार्च तक मूंगफली की चिक्की, चौलाई, रामदाना के लड्डू और भुने हुए चने दिए जाएंगे। इस योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2025-26 में विद्यालयों में अध्ययनरत समस्त छात्रों को सप्ताह में एक दिवस 5 रुपये प्रति छात्र प्रति दिवस की दर से सप्लीमेंट्री न्यूट्रीशन उपलब्ध कराए जाने का निर्णय लिया गया है।
इसका पत्र निदेशक मध्याह्न भोजन प्राधिकरण ने समस्त जिलाधिकारियों को भेजा है। इसका वितरण प्रत्येक बृहस्पतिवार कुल 13 विद्यालय दिवस के लिए किया जाएगा। यह पोषक आहार प्रत्येक छात्र को 20 ग्राम की मात्रा में अथवा भुना चना प्रत्येक छात्र को न्यूनतम 50 ग्राम की मात्रा में वितरित किया जाएगा।
जनपद व विकासखंड स्तरीय टास्क फोर्स के माध्यम से योजना का निरीक्षण किया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस योजना का क्रियान्वयन समस्त परिषदीय विद्यालयों व सहायता प्राप्त विद्यालयों में जहां मध्याह्न भोजन योजना संचालित होती है वहां पर कराया जाएगा। इसका निरीक्षण भी किया जाएगा।