सलेमपुर (देवरिया)। स्थानीय कोतवाली थाना क्षेत्र के महदहां बगीचे के पास शुक्रवार की देर रात एसटीएफ ने तीन बदमाशों को मुठभेड़ में गिरफ्तार कर लिया, जबकि चार बदमाश कार से भाग निकले। मुठभेड़ के दौरान मऊ जिले के कुख्यात हिमांशु यादव के पैर में गोली लगी। हिमांशु का मेडिकल कॉलेज में इलाज कराया गया। ये बदमाश सलेमपुर के ईंट भट्ठा मालिक व पड़री तिवारी गांव निवासी राजकमल तिवारी के अपहरण की फिराक में थे। पकड़े गए बदमाशों में दो मऊ और एक देवरिया का रहने वाला है। भागे चारों बदमाशों की तलाश में एसटीएफ की टीम ने बाॅर्डर इलाके में डेरा डाला है।
एसटीएफ के डिप्टी एसपी डीके शाही ने बताया कि मऊ जिले के मिर्जापुर गांव निवासी हिमांशु यादव उर्फ गोविंद यादव देवरिया, कुशीनगर, मऊ और गाजीपुर में लूट समेत कई बड़ी वारदात में शामिल रहा है। इस गैंग ने राजस्थान में भी लूट की एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया था। यह गैंग बड़े व्यापारियों का अपहरण कर उन्हें नेपाल ले जाकर फिरौती वसूलता है।
मुखबीर के जरिए सूचना मिली थी कि यह गैंग सलेमपुर व आसपास के इलाके में किसी बड़ी वारदात की फिराक में है। छानबीन में जानकारी हुई कि ईंट भट्ठा मालिक राजकमल तिवारी, जमीन का कारोबार करने वाले भाई युवराज तिवारी और होटल व्यापारी अरविंद उर्फ चुन्नू तिवारी का अपहरण कर फिरौती मांगने की फिराक में हैं। इन बदमाशों ने कुछ दिन पहले अरविंद तिवारी का पीछा भी किया था। इसके बाद राजकमल तिवारी के पीछे लगे थे।
एसटीएफ के इंस्पेक्टर सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि शुक्रवार की रात इस गैंग के सलेमपुर कस्बे में आने की सूचना पर टीम ने घेराबंदी। आधी रात को सलेमपुर से भटनी जाने वाले रास्ते पर सिसवा पांडेय गांव के समीप एक बुलेट व कार सवार संदिग्ध दिखाई दिए। पुलिस को देख बुलेट सवार हिमांशु यादव ने गोली चला दी। एसटीएफ ने भी जवाबी कार्रवाई की। इस दौरान हिमांशु के पैर में गोली लगी और वह बुलेट समेत गिर पड़ा।
बुलेट पर उसके साथ मऊ जिले के ताजपुर रसमानपुर गांव निवासी मंजीत यादव और देवरिया जिले के महुआडीह थाना क्षेत्र के बरवां गांव निवासी नीतेश यादव भी था। तीनों को एसटीएफ के जवानों ने पकड़ लिया। इस दौरान मौका पाकर कार सवार चार बदमाश भाग निकले। मुठभेड़ में घायल हिमांशु यादव को पुलिस सलेमपुर सीएचसी ले गई, जहां से मेडिकल कॉलेज देवरिया के लिए रेफर कर दिया गया। यहां उपचार के बाद कोर्ट में पेश किया गया। वहां से न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।