बघौचघाट। एक शिक्षक को छात्रों के झगड़े को रोकना महंगा पड़ गया। एक कोचिंग सेंटर पर कार्यरत शिक्षक रजनीश यादव पर कुछ छात्रों ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया। जिसमें शिक्षक का सिर फट गया।
शिक्षक का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। तरकुलवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत पथरदेवा कस्बे में बृहस्पतिवार की सुबह एक कोचिंग में बारहवीं कक्षा के दो छात्रों के बीच मारपीट हो गई। यह देख शिक्षक रजनीश यादव ने बीच बचाव कर झगड़ा समाप्त करा दिया। यह बात एक छात्र को नागवार गुजरी। वह छात्र कोचिंग के बाहर अपने कुछ साथियों के साथ घात लगाकर बैठ गया। कोचिंग के बाद जब शिक्षक बाहर निकलकर घर जा रहे थे, तभी छात्रों ने शिक्षक को घेर लिया और उनके सिर पर लोहे के रॉड से हमला कर दिया। जिसमें रजनीश यादव का सिर फट गया। उनको प्राथमिक उपचार के बाद मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। तरकुलवा थाना प्रभारी मृत्युंजय राय ने बताया कि झगड़े की सूचना है, तहरीर मिलने पर कार्यवाही की जाएगी।