देवरिया। शहर के संत विनोबा पीजी कॉलेज में विधि विभाग में प्रथम वर्ष में प्रवेश को लेकर इधर लगातार माहौल गर्म चल रहा है। कुछ छात्र नेताओं के सवाल उठाए जाने पर घोषित प्रथम सूची में गड़बड़ी किए जाने की बात सामने आई है। इसमें विधि विभाग की एक शिक्षक के भी शामिल होने की बात कही जा रही है।
छात्रों ने प्रथम सूची के पुनर्मूल्यांकन और संबंधित शिक्षक के निलंबन की मांग उठाई है और वह इसी बात को लेकर अड़े हुए हैं। हालांकि कालेज प्रशासन ने अभी इस संबंध में कोई निर्णय नहीं लिया है, लेकिन दूसरी जारी जारी कर दी। लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान होता नहीं दिख रहा है। नाराज छात्र इसकी शिकायत डीएम से करने की बात कह रहे हैं।
संत विनोबा पीजी कॉलेज में विधि में सत्र 2024-25 के लिए घोषित मेरिट सूची सवारों के घेरे में है। पहले कॉलेज प्रशासन ने परीक्षा कराने की बात कही, लेकिन बाद में मेरिट के आधार पर ही प्रवेश लेने की योजना बन गई। इधर घोषित मेरिट सूची में गड़बड़ी किए जाने की शिकायत मिलने के बाद जिम्मेदारों की ओर से इसे स्वीकार भी किया गया। बृहस्पतिवार को कॉलेज प्रशासन बचे हुए सीटों के लिए दूसरी सूची जारी करने की तैयारी में लगा, हालांकि शाम तक इसे घोषित नहीं किया गया, ऐसे में विधि विभाग प्रथम वर्ष में प्रवेश को लेकर प्रतीक्षारत कई अभ्यर्थी वापस लौट गए। यहां के पूर्व छात्र रहे बालमुकुंद मिश्र, आनंद श्रीवास्तव, ब्रजेश सिंह राणा, निर्भय कुमार शाही, कौशल कुमार उपाध्याय ने बृहस्पतिवार को बताया कि विधि विभाग के एक शिक्षक ने एक छात्र का नामांकन कराने के ईडब्लूएस के प्रमाण पत्र में फेरबदल कर दिया था।
बाद में जांच के बाद उस छात्र का नाम सूची से हटा दिया गया। ऐसे में शिक्षक गड़बड़ी किए जाने के दोषी है, उन पर तत्काल कार्यवाही की जानी चाहिए। साथ ही प्रवेश समिति एवं प्रथम मेरिट सूची को भंग कर नई समिति बनाई जाए। मेरिट सूची में अन्य भी गई गड़बड़ियां की गई है, जिसकी व्यापक जांच होनी चाहिए। छात्रों ने कहा कि शुक्रवार को वह मामले की शिकायत डीएम से करेंगे। 18 नंवबर तक मांगें नहीं मानी गई तो 19 नवंबर को वह परिसर में इसे लेकर आंदोलन करेंगे। उधर विधि विभाग के अध्यक्ष प्रो.केके शाही ने बताया कि दूसरी मेरिट सूची जारी कर दी गई है।