देवरिया। उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ की ओर से मथुरा में आयोजित सीनियर स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप में देवरिया को दो पदक मिले हैं। स्पोर्ट्स स्टेडियम की खिलाड़ी नेहा पटेल ने 50 किलो ग्राम भार वर्ग में एवं अन्नू गोंड ने 59 किलो भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है।
रवींद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम में कुश्ती सीखने वाली नेहा पटेल और अन्नू गोंड का चयन मथुरा में नौ से 11 नवंबर तक आयोजित सीनियर स्टेट कुश्ती चैंपियनशिप के लिए जिले की चयनित टीम में हुआ था। दोनो ने वहां अच्छा प्रदर्शन करते हुए अपने भार वर्ग में कांस्य पदक जीता है। अन्नू व नेहा पटेल ने बताया कि चैंपियनशिप के लिए उन्होंने बेहतर तैयारी की थी, हालांकि स्वर्ण न जीत पाने का मलाल जरूर है। कांस्य जीतने की भी खुशी है। खेलो इंडिया कुश्ती शिविर के प्रशिक्षक रामजन्म यादव ने बताया कि अन्नू व नेहा प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। सीनियर स्टेट कुश्ती में कांस्य पदक जीतकर इन्होंने जिले का नाम रोशन किया है।
बालिका कुश्ती प्रतियोगिता के लिए 18 को चुनी जाएगी जिला टीम
देवरिया। खेल निदेशालय की ओर से 22 से 24 नवम्बर तक मुरादाबाद में प्रदेश स्तरीय समन्वय सब जूनियर बालिका कुश्ती प्रतियोगिता होगी। इसमें भाग लेने के लिए जिला एवं मंडल ट्राॅयल की तिथियां घोषित कर दी गई हैं। बृहस्पवितार को जिला क्रीड़ाधिकारी अनुराग श्रीवास्तव ने बताया कि जिला टीम का चयन ट्रायल 18 नवंबर को एवं मंडल का 19 नवंबर को गोरखपुर स्टेडियम में सुबह 10 बजे से होगा।