अमर उजाला और तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी की ओर से मेधावी विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।
- फोटो : अमर उजाला
देवरिया। अमर उजाला एवं मुरादाबाद की तीर्थंकर महावीर यूनिवर्सिटी (टीएमयू) की ओर से शुक्रवार को आयोजित भविष्य ज्योति छात्र सम्मान ने जहां मौके पर जुटे विद्यार्थियों को भविष्य के बनाने के लिए विविध विकल्पों की जानकारी दी, वहीं सम्मान हासिल करने वालों को ऊर्जा और उत्साह प्रदान किया।
समारोह में शिरकत के लिए निर्धारित वक्त से पहले ही छात्र-छात्राएं जुटने लगे। टीएमयू की टीम के विशेषज्ञों से करियर को लेकर अपनी जिज्ञासाओं को शांत किया तो टीएमयू कैंपस में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी भी ली।
इसके बाद मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष और विशिष्ट अतिथि डीआईओएस देवेंद्र कुमार सिंह ने विद्यार्थियों की ओर से रजिस्ट्रेशन के समय दाखिल किए गए भविष्य ज्योति छात्र सम्मान लकी ड्रॉ कूपन से ड्रॉ निकाला।
इसमें प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति के लिए चयनित करने के साथ मेडल देकर सम्मानित किया गया। इसमें नेहा चौरसिया प्रथम, कल्पना सिंह द्वितीय व आदर्श जायसवाल तृतीय स्थान पर रहे।
तीनों को मेडल व प्रशस्ति पत्र दिए गए। टीएमयू के मनीष तिवारी ने स्पष्ट किया कि चयनित मेधावियों के टीएमयू के किसी भी कोर्स में एडमिशन लेने पर छात्रवृत्ति की राशि को फीस में तब्दील कर दिया जाएगा।
संचालन कर रहे प्रोफेसर रवि जैन ने इंजीनियरिंग और डॉ. संदीप वर्मा ने कंप्यूटर शिक्षा से जुड़े कोर्सेज के बारे में जानकारी दी। प्रोफेसर पारितोष शर्मा ने भी टीएमयू कैंपस और वहां मौजूद पढ़ाई के विकल्प व खूबियों को बारीकी से बताई। इस मौके पर अनीत राय, अमित सिंह आदि मौजूद रहे।