थाना गेट पर धरने पर बैठे दंपती
खुखुंदू। थाना क्षेत्र के मंगराइच गांव में भूमि पर कब्जा करने का आरोप लगाते हुए दंपती शनिवार को थाने गेट पर धरने पर बैठ गए। उनका आरोप है कि गांव पर हिस्से की जमीन पर कुछ लोग कब्जा जमा रहे हैं। बार-बार थाने का चक्कर लगाने के बाद भी पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। हालांकि पुलिस रात को पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिलाते हुए थाने में ले गई।
मंगराइच गांव निवासी मनोज तिवारी पत्नी राजकुमारी देवी सहित पूरे परिवार के साथ राजस्थान के जोधपुर में रहते हैं। उनका कहना है कि जमीन कब्जा करने की शिकायत सीएम पोर्टल पर 15 दिसंबर को की गई थी। पुलिस मौके पर गई थी लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हुई। कई बार थाने पर शिकायत के बावजूद सुनवाई नहीं हो रही है।
शनिवार को थाना समाधान दिवस पर फरियाद सुन रहे एडीएम प्रशासन से शिकायत की तो उन्होंने कहा कि हिस्सा का मामला है कोर्ट में जाइए। मनोज तिवारी का कहना है कि जब तक न्याय नहीं मिलेगा मैं यही बैठा रहूंगा। उधर दंपति के धरने पर बैठने से पुलिस घंटों अनजान रही। जैसे ही पुलिस को इसकी भनक लगी दंपति को थाने लेकर चली गई। एसओ मुकेश कुमार मिश्र ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पीड़ित को न्याय दिलाने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।