बरहज। समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को संबोधित पत्रक एसडीएम विपिन कुमार द्विवेदी को सौंपा। कार्यकर्ता गौरी बाजार के अनुदानित स्कूल के शिक्षक कृष्णमोहन सिंह की मौत मामले में दोषियों को फांसी की सजा और उनकी पत्नी को सरकारी नौकरी दिलाने की मांग कर रहे थे। वहीं कार्यकर्ता जनपद क्षेत्र के अधिकांश परिषदीय और बेसिक विद्यालयों में परिचारक सहित अन्य पदों पर फर्जी तरीके से नियुक्ति किए जाने की आवाज उठाते हुए जांच कराने की मांग किए।
सपा नेता विजय रावत के नेतृत्व में कार्यकर्ता तहसील पहुंचे। जहां सभी बेसिक और डीआईओएस कार्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। विजय रावत का कहना है कि शिक्षक कृष्णमोहन सिंह की मौत के पीछे अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ-साथ सरकार भी दोषी है। देवरिया जनपद में सही से जांच करा दी जाए, तो डीआईओएस और बेसिक शिक्षा कार्यालय के ज्यादातर अधिकारी-कर्मचारी सलाखों के पीछे मिलेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नौकरी के खेल में बिचौलियों द्वारा बेरोजगारों से मोटी रकम वसूल किया गया है। मौके पर विकास यादव, सुशील कुमार, अखिलेश सिंह, राकेश सिंह, अनिल शर्मा, राजू यादव, इमामुद्दीन खान, दिनेश यादव आदि मौजूद रहे।