देसही देवरिया। पिपरा दौलाकदम सीएचसी पर लगे ऑक्सीजन प्लांट को अब अपग्रेड किया जा रहा है। यहां निर्धारित शुल्क जमाकर कोई भी अपनी जरूरत के अनुसार, जब चाहे, ऑक्सीजन खरीद सकता है। ऐसे में बीमार लोगों को अब ऑक्सीजन की कमी से नहीं जूझना पड़ेगा। इसके लिए विभाग सर्वे कराने के बाद अब कार्य शुरू करने की तैयारी में है।
क्षेत्र के पिपरा दौलाकदम गांव स्थित सीएचसी परिसर में कोरोना महामारी के दौरान ऑक्सीजन प्लांट लगाया गया था। प्लांट को चलाने के लिए 25 केवीए का जनरेटर आया था। जबकि, 63 केवीए क्षमता की जरूरत थी। इसलिए उसे रुद्रपुर भेज दिया गया था। तब से अभी तक नया जनरेटर नहीं आया। बिजली रहने पर कभी-कभार यह प्लांट चलता है। जिस उद्देश्य से प्लांट लगाया गया, वह उद्देश्य पूरा नहीं हुआ।
अपर निदेशक कार्यालय गोरखपुर मंडल के आदेश के क्रम में इंजीनियर अशोक के नेतृत्व में तकनीकी टीम ने 16 फरवरी को सीएचसी का सर्वे किया। ग्राम प्रधान और संबंधित राजस्व कर्मचारियों से इस जगह की खतौनी का भी सत्यापन करा लिया गया है। अब यहां प्लांट के पास ही एक रिफलिंग प्लांट लगेगा। उत्पादन क्षमता 500 सौ लीटर प्रति घंटे की होगी। यह जिले का तीसरा प्लांट होगा। इससे पहले जिले पर महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज और रुद्रपुर सीएचसी पर प्लांट लगा है। यहां निर्धारित शुल्क जमा कर जब चाहे कोई भी जरूरतमंद संस्था या व्यक्ति जितना चाहे, ऑक्सीजन खरीद सकता है। करीब एक माह के भीतर प्लांट लगाने का कार्य शुरू हो जाएगा। वहीं दो माह के भीतर रिफलिंग भी शुरू हो जाएगी।
सीएचसी परिसर में लगे ऑक्सीजन प्लांट के पास रिफलिंग प्लांट लगेगा। इसके लिए सर्वे हो गया है। यहां से ऑक्सीजन रिफलिंग की जाएगी। निर्धारित शुल्क देकर कोई भी जरूरतमंद ऑक्सीजन खरीद सकता है। डेढ़ से दो माह के भीतर उत्पादन शुरू हो जाएगा।
- धनंजय कुशवाहा, सीएचसी प्रभारी, पिपरा दौलाकदम।