चनुकी। पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बुधवार को लार थाने का निरीक्षण किया। उन्होंने थाने में साफ-सफाई की व्यवस्था को बारीकी से देखा। गेट के दोनों तरफ खड़े ट्रकों के बारे जानकारी ली। पुलिस अधीक्षक ने थाना परिसर सहित अभिलेखों, मालखाना, हवालात, आरक्षी बैरक, भोजनालय, शस्त्रागार, महिला सहायता कक्ष, बीट सूचना रजिस्टर, आगंतुक रजिस्टर, मिशन शक्ति केंद्र तथा अभिलेखों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने प्रभारी निरीक्षक व समस्त पुलिसकर्मियों को थाना परिसर की साफ-सफाई, अभिलेखों के समुचित रखरखाव, अपराध नियंत्रण, महिला सुरक्षा तथा जनता से व्यवहार में पारदर्शिता बनाए रखने का भी निर्देश दिया। सभी विवेचकों से मुकदमे संबंधी जानकारियां भी ली और कहा कि सभी विवेचक समयबद्ध व गुणवत्तापूर्ण विवेचना करें ताकि पीड़ितों को न्याय मिले। पुलिस अपराध नियंत्रण के लिए नियमित रूप से गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी तथा ग्राम चौपालों के माध्यम से जनता से संवाद करने का भी निर्देश दिया। इस दौरान क्षेत्राधिकारी सलेमपुर मनोज कुमार, प्रभारी निरीक्षक राकेश सिंह आदि उपस्थित रहे।